नई दिल्ली:– दिल्ली में वर्षा का दौर शनिवार को भी जारी रहा। यह बात अलग है कि बीते कई दिनों की झमाझम वर्षा की तुलना में हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके असर से दिन भर मौसम सुहाना बना रहा। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो रविवार से वर्षा कम होने लगेगी। 19 से 25 सितंबर के बीच मानसून विदाई ले लेगा।
हल्की वर्षा और बादलों की आवाजाही के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले की तुलना में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को यह 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। हवा में नमी का स्तर 100 से 71 रहा।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 23 डिग्री रह सकता है।
मानसून अब विदाई की बेला
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले सप्ताह भर के दौरान जब भी होगी, हल्की बरसात ही होगी, इससे ज्यादा नहीं। मानसून अब विदाई की बेला में है।
मानसून में हवा हुई साफ
दूसरी तरफ लगातार वर्षा का असर दिल्ली की हवा पर भी देखने को मिल रहा है। हवा में घुले प्रदूषक कण काफी हद तक साफ हो गए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई 62 रहा। इस स्तर की हवा को ”संतोषजनक” श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के दौरान भी वायु गुणवत्ता का यही स्तर बना रहेगा।
