नई दिल्ली:– पूर्वी चंपारण जिले के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों को मध्याह्न न भोजन में सब्जी मिलेगी. इसकी तैयारी हो चुकी है. सब्जी उत्पादक समिति बच्चों के लिए हरी ताजी सब्जी सप्लाई करेगी. सब्जियां सहकारी समिति सप्लाई करेंगी ताकि वो भी आत्मनिर्भर हो सकें.
मिड डे मील की थाली में जान आने वाली है. इसमें अब बच्चों को हरी ताजी सब्जी भी परोसी जाएगी. पूर्वी और पश्चिमी चंपारण सहित शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफरपुर, गोपालगंज, सिवान आदि जिलों में सब्जी परोसने की तैयारी है. तिरहुत वेजफेड यूनियन की समितियां इन स्कूलों में सब्जी सप्लाई करेंगी. मध्याह्न भोजन योजना बिहार के निदेशक मिथिलेश मिश्र ने सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देश दिया है.
यहां से आएगी हरी सब्जी
निदेशालय से जारी पत्र में कहा गया है कि बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं वितरण योजना के अंतर्गत सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को सब्जी सप्लाई करने में प्राथमिकता दी जाए. इससे विद्यालयों के बच्चों को मध्याह्न भोजन में गुणवत्तापूर्ण ताजी और हरी सब्जी मिलेगी. तिरहुत वेजफेड के अध्यक्ष अमित कुमार शुक्ला ने बताया विद्यालयों में सब्जी आपूर्ति से यूनियन को मजबूती मिलेगी. सब्जी उत्पादक समितियों का व्यवसाय बढ़ेगा, जिससे समिति आर्थिक रूप से समृद्ध होगी.
तिरहुत यूनियन के सभी सात जिलों के विद्यालयों में जल्द ही वेंडर रजिस्ट्रेशन के साथ सब्जी की सप्लाई शुरू हो जाएगी. इसके साथ ही तिरहुत यूनियन प्रयास कर रहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व्यवसाय हो सके. पड़ोसी देश नेपाल के साथ ही अन्य देशों में भी सब्जी भेजने की योजना की तैयारी चल रही है.
