रायपुर: प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। लोगों को भीषण गर्मी के बीच अब थोड़ी राहत मिलती दिखाई पड़ रही है। दरअसल मौसम विभाग ने 23 से 26 मई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस बीच रविवार को पेंड्रा रोड में भारी बरसात हुई है।
बताया जा रहा है, रविवार को दोपहर बाद अमरकंटक-पेंड्रा क्षेत्र में अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बादल घिरे और बरसात शुरू हो गई। इसकी वजह से यहां मौसम सुहावना हो गया है। पेण्ड्रा और जशपुर जैसे कुछ स्थानों पर शनिवार शाम और रात भी बरसात हुई थी। एक दिन पहले प्रदेश के अधिकांश जिलों में बरसात हुई है। इसकी वजह से प्रदेश के अधिकतर स्टेशनों का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा है।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए सुकमा जिले में अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं सोमवार को मध्य और उत्तर क्षेत्र के 18 जिलों में अंधड़ की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिनों में अंधड़ का क्षेत्र बढ़ेगा। 26 मई को सुकमा जिले को छोड़कर शेष 27 जिलों में अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के इस अलर्ट का मतलब स्थितियों पर नजर रखने से है।
अभी ऐसा है प्रदेश का तापमान
अभी प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बरसात और ठंडी हवाओं की वजह से पेण्ड्रा रोड का दिन का तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। वहीं राजनांदगांव में 37.1 और जगदलपुर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अंबिकापुर में 38 डिग्री और रायपुर-बिलासपुर में यह 40 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस है।