बिनोद गुप्ता सूरजपुर छत्तीसगढ़ की रिपोर्ट
सूरजपुर-छत्तीसगढ़ अधिकारी- कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले महंगाई भत्ता व गृह भाड़ा भत्ता की मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिकारी शामिल होकर अपनी मांगों को बुलंद किया।जिला मुख्यालय में रंगमंच मैदान सहित समस्त विकासखण्डों में धरना दे रहे हैं।

स्कूलों से लेकर सरकारी दफ्तरों तक में ताले लग गए हैं।आज दूसरे दिन कलेक्टर महोदया से भी सहयोग मांगा गया जिस पर उन्होंने पूर्ण समर्थन देने हेतु आश्वासन दिया।आज दूसरे दिन सभी कार्यालय व स्कूल पूर्णतः बंद रहे।अधिकारी-कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ग्रामीण कार्यालय तो आ रहे हैं लेकिन कार्यालय बंद होने से मायूस होकर लौट रहे हैं उनके मन में भी शासन के प्रति आक्रोश देखने को मिल रहा है।कुछ ग्रामीणों का कहना है कि शासन को कर्मचारियों की मांगों पर जल्द ही पहल करनी चाहिए।कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक अनिल मिश्रा ने बताया कि शासन कर्मचारियों के अधिकारों का हनन कर रही है, राज्य सरकार द्वारा 34 प्रतिशत डीए और सातवें वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा भत्ता नहीं देने से कर्मचारी व अधिकारियों में नाराजगी बनी हुई है।

शासन को चाहिए कि वो हमारी मांगों पर जल्द निर्णय ले।आज के द्वितीय दिवस धरना प्रदर्शन में पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन में सम्बद्ध जिले के समस्त संगठनों के सभी पदाधिकारी सहित 500 से अधिक कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।