नई दिल्ली:– मकर संक्रांति के अवसर पर उत्तर भारत में ठंड और घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ी राज्यों तक शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। कई राज्यों में विजिबिलिटी बेहद कम होने की चेतावनी (Aaj Ka Mausam) जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में 3°C तक गिर सकता है तापमान
दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड ने पहाड़ों जैसी स्थिति पैदा कर दी है। राजधानी में न्यूनतम तापमान आज 3°C तक गिरने की संभावना है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि दोपहर 1 बजे के बाद धूप निकल सकती है। हालांकि शाम होते-होते एक बार फिर गलन भरी ठंड लौट आएगी। IMD ने शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 20°C के आसपास रहने की संभावना है।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
राजस्थान में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 10 से अधिक स्थानों पर न्यूनतम तापमान 6°C से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।
UP-बिहार में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रहेगी। 11 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट सकता है। बिहार के 18 जिलों पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, सारण, वैशाली, समस्तीपुर और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का अनुमान
हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चंबा सहित सात जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी क्षेत्र सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान शून्य से 9.6°C नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम
जम्मू-कश्मीर में कुछ राहत के बाद ठंड ने फिर से पकड़ बना ली है। कश्मीर घाटी में तापमान तेजी से गिरा है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
पश्चिम बंगाल में ठंड से थोड़ी राहत
पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि गंगा के आसपास के इलाकों में अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रह सकता है।
