नई दिल्ली:– आठ दिनी होलाष्टक के सोमवार को लगते ही शहरवासियों पर होली के उल्लास का रंग चढ़ने लगा है। इस बीच रंगों के त्योहार पर शहर में हर साल होने वाले अनूठे आयोजन की तैयारी भी तेज हो गई हैं। इस कड़ी में संस्था एक पहल द्वारा टेपा व हास्य कवि सम्मेलन एक मार्च को मल्हारगंज मेन रोड पर आयोजित किया जाएगा। जहां हास्य रस में डूबी कविताएं सुनाकर देश के जाने-माने कवि जनमानस को गुदगुदाएंगे।
वहीं, ख्यात हस्तियों को टेपाश्री की उपाधियों से सम्मानित किया जाएगा। संयोजक सुनील गोधा, दीपू यादव एवं गिरधर नागर ने बताया कि इस आयोजन के लिए 30 बाय 50 का मंच बनाया जा रहा है। इसमें कलाकार धनपाल मिंडा द्वारा होली का आकर्षक चित्रण किया जाएगा। कवि सरिता सरोज, विभा सिंह, गोविंद शर्मा, राजेश लोटपोट, ब्रजकिशोर पटेल, अकबर ताज हास्य के रंग कवि सम्मेलन में बरसाएंगे।
इस दौरान सामाजिक-राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्र की हस्तियों को टेपाश्री की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इन्हें टाट की शाल, झाड़ू की टोपी, सब्जियों का हार कई आकर्षक वस्तुओं से सजाया जाएगा। मुख्य अतिथि सुभाष खंडेलवाल और अध्यक्षता योगेंद्र महंत करेंगे। आयोजन की तैयारी बड़े स्तर पर की जा रही हैं।
विभिन्न क्षेत्र से जुड़ी ख्यात हस्तियां टेपाश्री की उपाधि से होंगी सम्मानित
होली पर होने वाले अनूठे आयोजन में चढ़ेगा हास्य और मस्ती का रंग
आठ दिवसीय होलाष्टक के लगते ही तेज हुई तैयारी मध्य क्षेत्र में छाएगा उल्लास
70 फीट ऊंचाई तक मिसाइल से भगवान श्रीकृष्ण बरसाएंगे रंग
संस्था मातृभूमि द्वारा मल्हारगंज क्षेत्र से दो मार्च को शाम 6:30 बजे ‘शाही रंगारंग बाना एवं फाग यात्रा’ निकाली जाएगी। पिछले 38 वर्षों से अनवरत जारी इस यात्रा का यह 39वां वर्ष है, जिसे इस बार और भी बड़ा स्वरूप दिया गया है। संयोजक जयदीप जैन ने बताया कि इस वर्ष बाने में तकनीक और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 70 फीट ऊंचाई तक मिसाइल से भगवान श्रीकृष्ण मार्ग में रंग और गुलाल उड़ाते हुए चलेंगे।
झांकी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन के स्वरूप आपस में होली खेलते नजर आएंगे, जो “वसुधैव कुटुंबकम्” और विश्व शांति का संदेश देंगे। भजन गायक द्वारका मंत्री फाग गीतों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही जूनियर रणबीर कपूर और मणिपुर की विशेष कत्थक कली टीम अपनी कला का प्रदर्शन करेगी। श्रीनाथजी रथ पर विराजमान रहेंगे।
इसके साथ ही अन्य रथों पर भगवान श्रीराम, भारत माता और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के स्वरूप आकर्षण का केंद्र होंगी। उत्सव को जीवंत बनाने के लिए जोकरों की टोली, आदिवासियों का दल, डिस्को डांस ग्रुप, ढोल-नगाड़े, बैंड-डीजे और झांझ पार्टियां शामिल रहेंगी। बाना गली नं. 2 से निकलकर राजवाड़ा स्थित लक्ष्मी माता मंदिर पर समापन होगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 300 लीटर दूध की ठंडाई और पोहे के वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है।
