
गर्मी की अधिकतर समस्याओं का इलाज पानी पीकर किया जा सकता है. इसलिए चेहरे की चमक-दमक बढ़ाने के लिए महंगे और आर्टिफिशियल प्रॉडक्ट्स के झांसे में फंसने की जरूरत नहीं है. बल्कि हेल्दी, ग्लोइंग और स्पॉटलेस स्किन पाने के लिए सिर्फ पानी में 4 चीजें मिलाकर पी सकते हैं. लेकिन, इस पानी को पीने का भी एक सही वक्त होता है. आइए जानते हैं कि चेहरे की चमक-दमक बढ़ाने के लिए पानी में क्या मिलाना चाहिए और उसका फायदा क्या है.
जब शरीर में पानी की कमी होती है, जो डिहाइड्रेशन शरीर में इंफ्लामेशन और स्किन एजिंग को तेजी से बढ़ाने लगती है. लेकिन, सुबह खाली पेट इन चीजों के साथ मिलाकर पानी पीने से शरीर को फायदा पहुंचता है और स्किन ग्लो करने लगती है.
नींबू –
नींबू में विटामिन-सी और अन्य एंटीऑक्सीडेंट्स की भरमार होती है, जो लिवर को साफ करने में मदद करता है. जब लिवर साफ और हेल्दी बनता है, तो त्वचा पर एक अलग ही चमक आने लगती है. क्योंकि, लिवर का स्वास्थ्य और कार्य स्किन पर सीधा असर डालता है. इसलिए एक गिलास पानी में 1 नींबू का रस डालकर सुबह के वक्त खाली पेट पी लें.
पुदीना –
पुदीना मिलाकर पानी पीने से शरीर शांत और ठंडक पाता है. इसके अलावा, आपका डाइजेशन भी बेहतर तरीके से काम करने लगता है. पुदीना और पानी चेहरे के मुंहासे, जलन, स्किन इंफेक्शन में राहत दे सकता है. आप 1 गिलास पानी में पुदीने की कुछ पत्तियां मिलाकर उबाल लें. अब ये पानी ठंडा करके पी लें.
तुलसी –
घर में रखा तुलसी का पौधा कई महंगे स्किन प्रॉडक्ट्स से ज्यादा फायदा दे सकता है. तुलसी के पत्तों में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होते हैं, जो दाग-धब्बों, झुर्रियां और अत्यधिक वजन को कम करने में मदद करते हैं. वहीं, तुलसी में मौजूद फ्लेवोनोइड्स स्किन को डैमेज होने से बचाते हैं. इसलिए आप 1 गिलास पानी में रातभर तुलसी की पत्तियां भिगोकर रखें और सुबह यह पानी पीएं.
अदरक –
ग्लोइंग स्किन पाने के लिए पानी में अदरक मिलाकर पीना भी लाभदायक होता है. इसके लिए आप अदरक के कुछ स्लाइस रातभर 1 गिलास पानी में डालकर रख दें. सुबह उठकर इस पानी को पी लीजिए. यह ड्रिंक स्किन एजिंग को धीमा करने में मददगार होती है और आप कम उम्र में बूढ़े दिखने से बच जाते हैं.