छत्तीसगढ़:– प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। रायगढ़ जिला प्रशासन ने इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली है। इस बार अवैध धान खरीदी और अंतरराज्यीय तस्करी पर रोक लगाने के लिए 10 इंटरस्टेट बॉर्डर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इन चेकपोस्ट्स पर कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि किसानों से धान की खरीदी नगद व लिंकिंग दोनों माध्यमों से 15 नवंबर से 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। इस बार भी किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ (लिंकिंग सहित) निर्धारित की गई है।
रायगढ़ जिले में कुल 69 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी होगी। साथ ही, सीमावर्ती इलाकों से अवैध धान की आवाजाही रोकने के लिए 10 चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कोचिया या बिचौलिया पंजीकृत किसानों के नाम पर अवैध धान खपाने का प्रयास करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित वाहन और धान जब्त किए जाएंगे और कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।
 
		