नई दिल्ली:– मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में गहराते युद्ध के संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने लगा है। पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। ये नई दरें 20 मार्च की रात से प्रभावी हो गई हैं।
पेट्रोल 2 रुपये और डीजल 22 रुपये महंगा
तेल कंपनियों ने आम जनता को झटका देते हुए प्रीमियम पेट्रोल (जैसे BPCL का ‘स्पीड’, HPCL का ‘पावर’ और IOCL का ‘एक्सपी95’) की कीमतों में 2.09 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। वहीं, उद्योगों में इस्तेमाल होने वाले इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को फिलहाल स्थिर रखा गया है।
आईओसीएल के कुछ आउटलेट्स पर XP95 पेट्रोल फिलहाल 101.80 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा है। कुछ जगहों पर पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 111.68 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 103.92 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि पुणे में प्रीमियम पेट्रोल 113.17 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है।
