नई दिल्ली:– साल 2025 अब अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही नए साल 2026 की शुरुआत होने जा रही है। नए वर्ष के पहले दिन लोग देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं और ऐसे उपाय करते हैं, जिससे पूरे वर्ष सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। सनातन धर्म और वास्तु शास्त्र में कुछ पौधों को अत्यंत शुभ माना गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में तुलसी, शमी, केला और मनी प्लांट जैसे पौधे लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जीवन में शुभ फल प्राप्त होते हैं। हालांकि, इन पौधों को सही दिशा में लगाना बेहद आवश्यक होता है। आइए जानते हैं कि इन पौधों को घर की किस दिशा में लगाने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
शमी का पौधा
धार्मिक मान्यता के अनुसार, शमी के पौधे की पूजा करने से भगवान शिव और शनिदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, शमी का पौधा घर की दक्षिण दिशा में लगाना चाहिए। ऐसा करने से शनि दोष से मुक्ति मिलती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।
तुलसी का पौधा
नए साल के पहले दिन तुलसी का पौधा लगाना अत्यंत शुभ माना गया है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, तुलसी को घर की उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। मान्यता है कि इससे मां लक्ष्मी का वास होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। तुलसी के आसपास स्वच्छता बनाए रखना बहुत जरूरी है।
मनी प्लांट
नए साल के अवसर पर मनी प्लांट लगाना भी शुभ फलदायी माना जाता है। इसे घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मनी प्लांट आर्थिक स्थिरता बनाए रखता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ाता है।
केले का पौधा
वास्तु शास्त्र के अनुसार, केले के पौधे को उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। यह पौधा भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है और उनकी पूजा में इसका विशेष महत्व है। मान्यता है कि घर में केले का पौधा लगाने से सुख-समृद्धि बढ़ती है और विवाह से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं।
