नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 10 जनवरी से तीन दिन के गुजरात प्रवास पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वे सोमनाथ में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ और राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात के क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का सशक्त प्रतीक है, जिसे देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब आठ बजे उन्हें सोमनाथ मंदिर में ओंकार मंत्र के दिव्य जाप में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
अगले दिन सुबह लगभग 9:45 बजे प्रधानमंत्री शौर्य यात्रा में भाग लेंगे, जो मां भारती के वीर सपूतों को समर्पित होगी। इसके बाद वे मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे। कार्यक्रम के तहत एक जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ मंदिर परिसर में आयोजित भव्य ड्रोन शो भी देखेंगे।
अपने गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के मुख्य समारोह में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। दोनों नेता साबरमती आश्रम जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भी शिरकत करेंगे।
प्रशासन के मुताबिक, इस आयोजन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व काफी बड़ा है। करीब एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
