नई दिल्ली :- राजनीतिक पार्टियां पूरी तैयारियों के साथ मतदाताओं को लुभा रही हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रामनगरी आ रहे हैं। प्रधानमंत्री यहां करीब दो घंटे रहेंगे। वह शाम छह बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे।इसके बाद 6.30 बजे से आठ बजे तक राममंदिर में दर्शन पूजन और रोड-शो का कार्यक्रम है। वह पहले रामलला का दर्शन करेंगे इसके बाद रोड-शो आरंभ होगा। पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को सुग्रीव किला से लता चौक तक एक घंटे के रोड-शो के बाद वापस जाएंगे।
उनके आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करने रामनगरी पहुंच जाएंगे। प्रधानमंत्री की अगवानी के बाद मुख्यमंत्री उनके साथ-साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। एडीजी जोन अमरेंद्र ¨सह सेंगर ने रामनगरी पहुंच कर आइजी प्रवीण कुमार व एसएसपी राजकरन नैय्यर के साथ प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट से लेकर अयोध्याधाम जंक्शन तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध हैं। रोड-शो मार्ग पर ड्रोन से भी निगरानी की गई। ड्यूटी प्वाइंटों पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। पीएम के आगमन के दौरान उनके आवागमन मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
