कानपुर। जिले के बर्रा थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में रविवार को सेप्टिक टैंक में शटरिंग खोलने उतरे एक मजदूर की जहरीली गैस के रिसाव होने से मौत हो गई। वहीं, बचाने उतरे दो साथियों की भी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
एसीपी गोविंद नगर विकास कुमार पांडेय ने बताया कि मालवीय नगर में कुशल गुप्ता घर बनवा रहे है। जहां मकान में एक सेप्टिक टैंक बना हुआ है। जिसमें कुछ काम करने के लिए रविवार को शिवा तिवारी 25 वर्ष, अंकित पाल 28 वर्ष और अमित कुमार 26 वर्ष घुसे थे।
अचानक से उनका दम घुटने लगा। लोगों ने तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने एक-एक कर तीनों को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले को जांच में लिया है।