छत्तीसगढ़ :– विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मुद्दे उठे। छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्मार्ट सिटी परियोजना और जल जीवन मिशन को लेकर सदन में गहन चर्चा देखने को मिली।
बिलासपुर स्मार्ट सिटी में ऑक्सीजोन को लेकर सवाल
विधायक धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी के तहत ऑक्सीजोन और वृक्षारोपण की स्थिति पर सवाल किया। उन्होंने जानना चाहा कि क्या शहर में ऑक्सीजोन विकसित किया गया है।
सरकार का जवाब: ऑक्सीजोन का कोई प्रस्ताव नहीं
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर में ऑक्सीजोन का निर्माण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यानों का विकास किया गया है और स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण किया गया है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के स्तर पर ऑक्सीजोन को लेकर फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।
जल जीवन मिशन को लेकर कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने जल जीवन मिशन के तहत संजारी बालोद क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों की जानकारी मांगी। उन्होंने पूर्ण, अपूर्ण और स्वीकृत योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा सदन में रखने की मांग की।
अपूर्ण और गुणवत्ताहीन कार्यों पर चिंता
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत, पूर्ण और अपूर्ण कार्यों की स्थिति से सदन को अवगत कराया। इसके बाद संगीता सिन्हा ने अपूर्ण कार्यों के साथ-साथ गुणवत्ताहीन निर्माण पर भी सवाल उठाते हुए उनके पूर्ण होने की समय-सीमा पूछी।
JJM पर सत्ता और विपक्ष में टकराव
जल जीवन मिशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच तीखी बहस हुई। सत्तापक्ष के विधायकों ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में जल जीवन मिशन की स्थिति खराब रही है। इसी दौरान विधायक उमेश पटेल ने जल जीवन मिशन में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी सरकार से मांगी।
