नई दिल्ली:– उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और इस बार बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
19 अप्रैल से शुरू होने वाली इस पवित्र यात्रा के लिए श्रद्धालु अब घर बैठे वेबसाइट, मोबाइल ऐप या व्हाट्सएप के जरिए आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर ‘Register/Sign In’ विकल्प पर क्लिक करना होगा और नाम व मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देकर आईडी बनानी होगी।
इसके बाद लॉग इन कर ‘Create/Manage Tour’ में यात्रा की तारीख और धाम का चयन करना होगा, फिर ‘Add Pilgrim’ पर क्लिक कर सभी यात्रियों की जानकारी और पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड या वोटर आईडी अपलोड करनी होगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) जनरेट होगा, जिसके बाद यात्री अपना यात्रा पंजीकरण पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा श्रद्धालु Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप डाउनलोड करके या व्हाट्सएप नंबर 8394833833 पर मैसेज भेजकर भी पंजीकरण करा सकते हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण के लिए भी 50 काउंटर बनाए गए हैं और किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 जारी किया गया है। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और पहले ही दिन शाम 5 बजे तक 1 लाख 23 हजार 788 से ज्यादा लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया।
