उरई,उत्तरप्रदेशः- यूपी के उरई में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी की रस्मों के बीच सात फेरों के समय दूल्हे को चक्कर आ गया और वह गश खाकर गिर गया। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद वर पक्ष से कहासुनी होने लगी। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और अपनी अपनी बात रखी। गुरुवार का शाम तक मामले में समझौता नहीं हो सका था।
नगर के बिजली घर रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में बुधवार की रात उरई से बारात कालपी आई हुई थी। द्वारचार की रस्म होने के बाद अन्य रस्में हंसी खुशी से निभाई जा रही थीं। गुरुवार की सुबह सात फेरे लेते समय अचानक दूल्हे को चक्कर आ गया और वह गश खाकर गिर पड़ा। जैसे ही यह सब दुल्हन व उसके घरवालों ने देखा तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष की ओर शादी से इनकार के बाद गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काफी देर तक गेस्ट हाउस में दोनों पक्षों के लोग पंचायत करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी।
जब बात नहीं बनी तो दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गये, जहां पर वधू पक्ष ने दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने का आरोप लगाया। वहीं, वर पक्ष के लोगों ने बताया कि दूल्हे को कोई बीमारी या दौरा नहीं आता, उसे सिर्फ चक्कर आ गया था। काफी देर तक बातचीत के बाद पुलिस ने दूल्हे का मेडिकल करवाने के लिए वर वधू पक्ष के लोगों को कानपुर भेजा। फिलहाल, मामले को लेकर काफी देर तक गहमा-गहमी बनी रही। वहीं, बारात उरई के रामनगर से कालपी के राजेपुरा स्थित एक गेस्ट हाउस में आई थी।