नई दिल्ली:– महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठाणे में पुलिस ने करीब तीन साल पहले एक महिला की मौत के मामले में उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे जहरीले सांप के जरिए अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नीरजा रूपेश आंबेकर की 10 जुलाई 2022 को बदलापुर ईस्ट की उज्वलदीप सोसाशाटी स्थित उनके घर में मौत हुई थी। उस समय इस घटना को आकस्मिक मौत मानते हुए मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच में किसी तरह की आपराधिक आशंका नहीं जताई गई थी।
हालांकि, बाद में कुछ गवाहों के बयानों में संदेह सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने केस की दोबारा जांच शुरू की। छानबीन में यह बात उजागर हुई कि मृतका के पति, 40 वर्षीय रूपेश आंबेकर का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इन्हीं विवादों के चलते उसने पत्नी को मारने की साजिश रची।
साजिश के तहत हत्या
इस साजिश में रूपेश के दोस्त रिशिकेश रमेश चालके और 25 वर्षीय कुणाल विश्वनाथ चौधरी भी शामिल थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 36 वर्षीय चेतन विजय दुधाने नामक एक स्नेक रेस्क्यू वॉलंटियर से संपर्क कर एक जहरीला सांप हासिल किया था। आरोप है कि साजिश के तहत उसी सांप से नीरजा को डसवाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों को उम्मीद थी कि सांप के काटने से हुई मौत को प्राकृतिक या दुर्घटना मान लिया जाएगा और वे संदेह से बच जाएंगे।
हालांकि, पुलिस की सतर्कता, तकनीकी जांच और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर यह सारा मामला उजागर हो गया। करीब तीन साल बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीनियर इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
