भोपाल। मध्यप्रदेश के सीधी में भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला के किये कांड की वजह से पूरे प्रदेश भर में भाजपा को घेरे में लिया जा रहा था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घटना को गंभीरता से लिया और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलवा दिया गया।
इस कार्यवाही के बाद आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में सीएम हाउस में पीड़ित आदिवासी दशरथ रावत से मुलाकात की और उनके पैर धोए। इतना ही नहीं सीएम ने उन्हें अपने हाथों से खाना खिलाया और उनसे प्रवेश शुक्ला के किये बुरे काम पर माफ़ी भी मांगी। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि उनका मन बेहद दुखी है, उनके लिए जनता ही भगवान है। बता दें हाल ही में सीधी जिले का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें आरोपी प्रवेश शुक्ला पीडत दशरत रावत पर पेशाब करता नजर आ रहा है।
आरोपी प्रवेश शुक्ला को कल 5 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था और कल ही स्थानीय प्रशासन ने उनके अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया था। हालाँकि प्रशासन की इस कार्यवाही पर आरोपी प्रवेश शुक्ला के परिजनों का कहना था कि उसके बेटे के किये कर्मों की सजा उन्हें क्यों दी जा रही है। यह घर उनके पुरखों ने बनवाया था और पूरे नियमों के अनुसार यह घर बना था। इसे बनवाने में प्रवेश का एक रुपया भी नहीं लगा है। उसके बेटे को चाहे फांसी दे दी जाए उन्हें फर्क नहीं पड़ता लेकिन उसकी `वजह से वे बेघर हो गए हैं।