छत्तीसगढ़:– राजधानी रायपुर के स्काई वॉक प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य अब और रफ्तार पकड़ने वाला है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने गर्डर और स्लैब लान्चिंग के अगले महत्वपूर्ण चरण की तैयारी पूरी कर ली है। विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रात्रिकालीन ट्रैफिक ब्लॉक की अनुमति देते हुए एकांकी मार्ग के निर्देश जारी कर दिए हैं।
एक महीना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक वन-वे रहेगा ट्रैफिक
आदेश के मुताबिक, स्काई वॉक के आसपास वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कुछ मार्गों पर वन-वे लागू रहेगा।
पहले 15 दिन: शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग की ओर जाने वाला रास्ता वन-वे रहेगा।
अगले 15 दिन: शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक की ओर मार्ग को वन-वे किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि बैरिकेड, रिफ्लेक्टिव साइन, एंट्री-एग्जिट कंट्रोल और गार्ड्स की पर्याप्त व्यवस्था की जाए ताकि यातायात सुचारू रहे।
तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण चरण शुरू
PWD अधिकारियों के अनुसार, अब जो चरण शुरू होने वाला है, वह तकनीकी रूप से सबसे ज्यादा जटिल है। इसमें 5–6 मीटर ऊंचाई पर भारी गर्डरों को क्रेन की सहायता से स्थापित किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात दोनों को ध्यान में रखते हुए यह काम रात में किया जाएगा, ताकि दिन के समय लोगों को कम परेशानी हो।
63 में से 47 गर्डर लग चुके, 16 और इंस्टॉल होने बाकी
स्काई वॉक के लिए लगाए जाने वाले कुल 63 स्टील गर्डरों में 47 गर्डर इंस्टाल हो चुके, 16 गर्डर अभी लगाने बाकी हैं।
इसके अलावा 25 प्रीकास्ट स्लैब में से 19 स्लैब लगाए जा चुके हैं और बचे हुए 6 स्लैब इसी चरण में फिट किए जाएंगे। गर्डरों का निर्माण भिलाई की वर्कशॉप में पहले ही पूरा कर लिया गया था।
शास्त्री चौक बनेगा मुख्य हब, लगेंगे 12 एस्केलेटर और लिफ्ट
स्काई वॉक का मुख्य केंद्र शास्त्री चौक होगा, जहाँ यात्रियों के आवागमन के लिए 5 मीटर चौड़ी रोटेटरी विकसित की जा रही है। साथ ही कुल 12 स्थानों पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जाएंगे ताकि पैदल यात्रियों को आसानी हो।
रात में कड़ी सुरक्षा के बीच होगा काम
PWD और ट्रैफिक विभाग ने मिलकर रात्रिकालीन कार्य अवधि के दौरान कड़ी निगरानी की व्यवस्था की है। इस दौरान— सुरक्षा बैरिकेड, सिग्नलिंग लाइट, पुलिस और ट्रैफिक गार्ड्स, CCTV कैमरे जैसी व्यवस्थाएँ अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगी।
