नई दिल्ली:– गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट की लंबी कतारों से जूझ रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी राहत भरी खबर दी है। रेलवे प्रशासन ने महाराष्ट्र के गोंदिया से बिहार के रक्सौल के बीच साप्ताहिक ‘समर स्पेशल ट्रेन’ चलाने का निर्णय लिया है। यह कदम पर्यटन और घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
10 फेरों के साथ मिलेगी कंफर्म सीट की सुविधा
गोंदिया-रक्सौल स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 08867/08868) 25 अप्रैल से अपनी सेवाएं शुरू करेगी और 27 जून तक पटरी पर दौड़ेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संचालित यह ट्रेन कुल 10-10 फेरों के लिए चलेगी, जिससे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन स्टेशनों पर रुकेगी गोंदिया-रक्सौल स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का रूट काफी विस्तृत रखा गया है। यह ट्रेन गोंदिया रेलवे स्टेशन से चलकर डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, बरौनी, दरभंगा, समस्तीपुर और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस लंबे रूट के कारण बिहार और झारखंड जाने वाले प्रवासियों को अब सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
गोंदिया-रक्सौल स्पेशल ट्रेन का पूरा शेड्यूल और समय-सारणी
गोंदिया-रक्सौल (08867): यह ट्रेन 25 अप्रैल से हर शनिवार को सुबह 06:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी। डोंगरगढ़ 7:30 बजे, राजनांदगांव 7:58 बजे, दुर्ग 8:35 बजे, रायपुर 9:30 बजे, भाटापारा 10:25 बजे और दोपहर 11:40 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शाम 5 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
रक्सौल-गोंदिया (08868): वापसी में यह ट्रेन 26 अप्रैल से हर रविवार को शाम 7:10 बजे रक्सौल से खुलेगी। यह अगले दिन रात 01:20 बजे बिलासपुर और सुबह 07:00 बजे अपने गंतव्य गोंदिया पहुंचेगी।
रेलवे के मुताबिक, गोंदिया-रक्सौल स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, एसी और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे भीड़ से बचने के लिए आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट या रिजर्वेशन काउंटर से अपनी टिकट जल्द बुक करा लें।
