मुंबई, 13 मार्च। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम और कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी से उत्साहित निवेशकों को लिवाली की बदौलत दो प्रतिशत से अधिक की छलांग लगाकर पिछले चार सप्ताह की गिरावट से उबरे शेयर बाजार पर अगले सप्ताह रूस-यूक्रेन संकट, महंगाई और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों का असर रहेगा।
बीते सप्ताह बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1216.49 अंक यानी 2.24 प्रतिशत की छलांग लगाकर 55 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 55550.30 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 385.1 अंक अर्थात 2.37 प्रतिशत उछलकर 16630.45 अंक पर पहुंच गया।
समीक्षाधीन सप्ताह में दिग्गज कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा। बीएसई का मिडकैप 691.37 की तेजी के साथ 23309.95 अंक और स्मॉलकैप 854.77 अंक चढ़कर 27141.43 अंक हो गया।
विश्लेषकों के अनुसार, अगले सप्ताह वैश्विक बाजार की दिशा निर्धारित करने में फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक और रूस-यूक्रेन मुद्दा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। हालांकि पांच में से चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से घरेलू शेयर बाजार पिछले लगातार चार सप्ताह की गिरावट से उबरने में कामयाब रहा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक कारकों के अलावा स्थानीय स्तर पर 14 जनवरी को जारी होने वाले खुदरा और थोक महंगाई के आंकड़ों का बाजार पर असर रहेगा। इसके अलावा अगले सप्ताह औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़े जारी होने की संभावना है। बाजार पर इसका प्रभाव भी देखा जा सकेगा।
बीते सप्ताह सोमवार की गिरावट को छोड़कर शेष चार दिन बाजार में तेजी रही। रूस यूक्रेन के बीच जारी जंग का समाधान नहीं होने से कच्चे में आये उबाल के कारण वैश्विक स्तर पर शेयर बाजार में हुयी भारी गिरावट का सोमवार को असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा। सेंसेक्स 1492.06 अंकों की गिरावट लेकर 57842.75 अंक पर और निफ्टी 382.20 अंक उतरकर 15683.15 अंक पर रहा।
वहीं, रूस यूक्रेन संकट के कारण लगातार चार दिनों की गिरावट से उबरते हुये मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त बनाने में कामयाब रहा। सेंसेक्स 581.34 अंकों की तेजी के साथ 53424.09 अंक पर और निफ्टी 150.30 अंक चढ़कर 16013.45 अंक पर पहुंच गया। रूस यूक्रेन जंग के कारण हुयी भारी बिकवाली से गिरावट में निवेश करने वालों की भारी लिवाली से बुधवार को लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 1223.24 अंकों की बढ़त के साथ 54647.33 अंक पर और निफ्टी 331.90 अंकों की तेजी के साथ 16345.35 अंक पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर देश के पांच राज्यों में हुये विधानसभा चुनावों में से उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में भाजपा के सत्ता की ओर बढ़ने से उत्साहित निवेशकों की लिवाली के बल पर गुरुवार को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी रही। सेंसेक्स 817.06 अंक बढ़कर 55646.39 अंक पर और निफ्टी 249.55 अंक चढ़कर 16594.90 अंक पर रहा।
वैश्विक स्तर के मिश्रित संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू स्तर पर हेल्थकेयर जैसे समूहों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार गिरावट से उबरते हुये लगातार चौथे दिन बढ़त बनाने में सफल रहा। सेंसेक्स 85.91 अंकों की बढ़त के साथ 55550.30 अंक पर और निफ्टी 35.55 अंक बढ़कर 16630.45 अंक पर रहा।