- श्री हनुमंत सेवा समिति व दीपक-नरेश केडिया द्वारा आयोजन
- सचिन गुप्ता एण्ड पार्टी की होगी भजन संध्या
रायपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार 2 अप्रैल को चौबे कालोनी स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। सुबह मंदिर में श्री बजरंग बली का अभिषेक, पूजा-अर्चना व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संध्या 5 बजे भजन प्रवाहक सचिन गुप्ता एण्ड पार्टी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। फूलों की वर्षा एवं बधाई उत्सव के साथ हनुमान जी की झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी। संध्या 8 बजे संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ व आरती की जाएगी। रात्रि 8.30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम के संबंध में दीपक-नरेश केडिया ने बताया कि श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में विगत 4 वर्षों से प्रत्येक मंगलवार को संध्या 7.30 बजे से संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाता है जिसमें लगभग 600 लोग उपस्थित रहते है। पूरा परिसर जय श्री हनुमान, जय श्री राम के नारों से गूंजता है।
पं. घनश्याम तिवारी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव चैत्र माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन हनुमानजी का जन्म हुआ था, हनुमान जी को कलयुग में सबसे प्रभावशाली देवताओं में से एक माना जाता है। विष्णु जी के राम अवतार के बाद रावण को दिव्य शक्ति प्रदान हो गई। जिससे रावण ने अपनी मोक्ष प्राप्ति हेतु शिवजी से वरदान माँगा की उन्हें मोक्ष प्रदान करने हेतु कोई उपाय बताए। तब शिवजी ने राम के हाथों मोक्ष प्रदान करने के लिए लीला रची। शिवजी की लीला के अनुसार उन्होंने हनुमान के रूप में जन्म लिया ताकि रावण को मोक्ष दिलवा सके।
इस कार्य में रामजी का साथ देने हेतु स्वयं शिवजी के अवतार हनुमान जी आये थे, जो की सदा के लिए अमर हो गए। रावण के वरदान के अनुसार उन्हे मृत्यु के साथ साथ उसे मोक्ष भी दिलवाया। हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बेहद शुभ माना जाता है। इसका हिंदुओं में बड़ा धार्मिक महत्व है। इस दिन भाव के साथ पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। भक्त इस दिन को बहुत खुशी और उत्साह के साथ मनाते हैं। बजरंगबली का जन्म राजा केसरी और माता अंजनी से हुआ था।
