दिल्ली। आजकल हर तरफ बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की फिल्म गदर 2 की चर्चा हो रही है. फिल्म तेजी से 500 करोड़ी क्लब में शामिल होने की तरफ बढ़ रही है. जान लें कि सनी देओल एक्टर होने के साथ पंजाब के गुरदासपुर से सांसद भी हैं. सनी देओल बीजेपी के सांसद हैं. इस बीच, सनी देओल ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे. सनी देओल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वो पार्टी का उम्मीदवार नहीं बनेंगे. एक्टिंग ही उनका चुनाव है. आइए जानते हैं कि जब सनी देओल से इस फैसले के बारे में पूछ गया तो उन्होंने क्या-क्या कहा.
पंजाब के गुरदासपुर से सांसद सनी देओल अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. गदर-2 की सफलता के बीच सनी देओल ने ये बात कही है. साल 2019 में वह मोदी लहर के बीच चुनाव लड़कर संसद पहुंचे थे, लेकिन बतौर सांसद उनके काम की काफी आलोचना हुई थी.
बीजेपी सांसद और एक्टर सनी देओल ने आजतक से बातचीत के दौरान कहा कि वह 2024 में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि अभिनेता बने रहना ही मेरा चुनाव है. मुझे लगता है कि मैं बतौर एक्टर देश सेवा करूं, जो मैं करता आ रहा था. उन्होंने कहा कि आप कोई भी एक काम ही कर सकते हैं. एक साथ कई सारे काम करना असंभव है. मैं जिस सोच के साथ राजनीति में आया था, वो सारे काम मैं बतौर अभिनेता रहते हुए भी कर सकता हूं.
सनी ने कहा कि एक्टिंग की दुनिया में मेरा जो दिल करे, वो मैं कर सकता हूं. लेकिन राजनीति में अगर मैं कुछ कमिट कर दूं औऱ उसे पूरा न कर पाऊं, तो मुझसे वह बर्दाश्त नहीं होता है. मैं ऐसा नहीं कर सकता. सनी देओल की बतौर सांसद लोकसभा में सिर्फ 19 फीसदी ही उपस्थिति है, इसे लेकर सांसद ने कहा कि जब मैं संसद जाता हूं तो देखता हूं कि यहां देश चलाने वाले लोग बैठे हैं, सभी पार्टियों के नेता बैठे हैं. लेकिन यहां कैसा व्यवहार करते हैं, जबकि हम दूसरे लोगों से कहते हैं कि ऐसा व्यहार मत करो. उन्होंने कहा कि जब में ये देखता हूं तो लगता है कि मैं ऐसा नहीं हूं, इससे बेहतर तो ये है कि मैं कहीं और ही चला जाऊं. साथ ही कहा कि मैं अब कोई चुनाव लड़ना नहीं चाहता.
फिल्म अभिनेता सनी देओल ने साल 2019 में अपने राजोनीतिक सफर का आगाज किया था, सनी ने साल 2019 के आम चुनाव में पंजाब के गुरदासपुर लोकसभा सीट से किस्मत आजमाई और जनता ने भी उन्हें निराश नहीं किया. गुरदासपुर की जनता ने 84 हजार वोट से अधिक के अंतर से भारी विजय का आशीर्वाद देकर सनी देओल को लोकसभा में भेजा था.
