छत्तीसगढ़ :– युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य सरकार ने शिक्षकों की नई भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के तहत कुल 5000 में से 4708 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। विभाग के अवर सचिव ने डीपीआई (DPI) को पत्र भेजकर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
व्यापम आयोजित करेगा परीक्षा
अब स्कूल शिक्षा विभाग की अंतिम अनुमति मिलने के बाद व्यापम (Vyapam) को शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित करने का जिम्मा सौंपा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि विभाग ने परीक्षा के ड्राफ्ट को पहले ही मंजूरी दे दी है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की संभावना बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर अमल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अवसर पर शिक्षकों की नई भर्ती की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि राज्य में कुल 30 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इसमें पहले चरण में 4708 पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि बाकी पदों पर आने वाले चरणों में नियुक्तियां होंगी।
 
		