नई दिल्ली:– दिल्ली सरकार ने छठ पर्व पर के उपलक्ष में आगामी सोमवार को सरकारी अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस पर्व पर सोमवार को इसलिए अवकाश किया जा रहा है, क्योंकि चार दिन के इस पर्व के तीसरे दिन व्रती सूर्यास्त के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। उन्होंने कहा कि यह छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन सुबह से ही तैयारी शुरू हो जाती है और पूरा परिवार किसी न किसी कार्य को पूरा करने में लगा रहता है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसी तथ्य को ध्यान में सरकार ने सोमवार 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश किया गया है।
रेलवे स्टेशनों पर छठ के गीत
वहीं देश भर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर शुक्रवार से ही छठी मईया के मधुर गीत गूंजने लगे हैं। रेल मंत्रालय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को छठ महापर्व की भावना से जोड़ना है, ताकि उनका सफर और अधिक सुखद, आनंदमय व आरामदायक बन सके। मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर इन गीतों को बजाने का उद्देश्य यात्रियों को पर्व की भावना से जोड़ना तथा उनकी यात्रा को और भी सुखद बनाना है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नयी दिल्ली, गाजियाबाद और आनंद विहार टर्मिनल जैसे 30 प्रमुख स्टेशनों पर ये गीत यात्रियों को अपने घर और संस्कृति की खुशबू का अनुभव करा रहे हैं।
नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ नहाय-खाय कद्दू भात के साथ शुरू हो गया है। इस दौरान कद्दू भात का प्रसाद बनाकर औरों में वितरित किया गया। शहर के विभिन्न घाट और जल स्रोत सफाई पूरी होने के बाद रंग रोगन से सज चुके हैं। घाटों और घरों में लोगों ने कद्दू, लौकी व चावल का प्रसाद वितरित किया। सुपली पर प्रसाद को सजाने की तैयार की। पर्व के दूसरे दिन रविवार को खरना होगा। जिसमें शाम को 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाएगा। जो मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होगा। संतान के सुखी जीवन के लिए सूर्यदेव व छठी मैया की आराधना का महापर्व छठ के पहले दिन शनिवार को सुबह नहाय-खाय का व्रत धारण करने वालों ने नहा धोकर गंगाजल से रसोई को पवित्र किया। कद्दू, कच्चा चावल, अरहर की दाल बनाकर सूर्य देव का स्मरण करते हुए प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। वहीं, रविवार को खरना के रूप में छठ महापर्व का दूसरा दिन मनाया जाएगा।
