छत्तीसगढ़ :– लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर आई है। प्रदेश की साय सरकार जल्द ही 5000 शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। इस भर्ती को लेकर भाजपा ने पोस्टर जारी करते हुए कहा है कि “विष्णुदेव सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है, जिससे प्रदेश के शैक्षणिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।”
शिक्षा मंत्री का बयान: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हमारी प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इस निर्णय को राज्य के शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, “सरकार का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है ताकि उनका मानसिक और बौद्धिक विकास हो सके। मैं इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं।”
कांग्रेस ने भर्ती को बताया अपर्याप्त
भर्ती के ऐलान के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इस निर्णय को नाकाफी बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि “प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। 10,461 स्कूल बंद, 58,000 पद खाली हैं और विधानसभा में 35,000 शिक्षकों की भर्ती की बात कही गई थी। ऐसे में 5000 पदों की भर्ती ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।”
