रांची । डालटनगंज जिले के पांडू प्रखंड स्थित एक सरकारी स्कूल में छात्राओं का दुपट्टा हटाकर क्लास में बैठने को मजबूर करने के आरोपी हेड मास्टर विश्वनाथ राम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रशासन की ओर से बनाई गई कमेटी ने जांच में उन पर लगे आरोपों को सही पाया है। इसके बाद पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करने बुधवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। लोअर पांडू स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय की सातवीं-आठवीं कक्षा की कई छात्राओं ने हेडमास्टर पर आरोप लगाया था कि वे उन्हें क्लास में दुपट्टा हटाकर बैठने को कहते हैं।
ऐसा न करने पर उन्हें दंडित करते हैं और डंडे से पिटाई करते हैं। छात्राओं की ऐसी शिकायतों पर स्थानीय लोगों ने पिछले दिनों हंगामा किया था। इसके बाद उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने मामले की जांच का निर्देश दिया था। बीते मंगलवार को डीएसई मनोज कुमार और सदर मेदिनीनगर एसडीएम राजेश कुमार साह ने विद्यालय पहुंचकर शिकायतों की जांच की। इस दौरान चार छात्राओं ने पूछताछ में अपनी शिकायतों को दोहराया। कुछ लोगों ने हेडमास्टर का बचाव करते हुए इसे स्थानीय ग्रामीणों की राजनीति का परिणाम बताया।