नई दिल्ली:– साल का पहला चंद्र ग्रहण लग चुका है. भारतीय समयानुसार, यह चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से लेकर शाम को 6 बजकर 46 मिनट तक रहने वाला है. चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा. इसलिए इसका सूतक काल भी जारी है, जो ग्रहण के साथ ही खत्म होगा. चंद्र ग्रहण सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लगा है. भारत में यह चंद्र ग्रहण ‘ग्रस्तोदित’ रूप में नजर आने वाला है. यानी भारत में जब चंद्रोदय होगा, उससे पहले ही ग्रहण चंद्रमा को ग्रस लेगा. भारत में चंद्र ग्रहण दिखने का समय आज शाम 06 बजकर 26 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 46 मिनट तक बताया गया है. आइए इस चंद्र ग्रहण से जुड़ा हर बड़ा अपडेट आपको बताते हैं…
05.02 PM: भारत में सबसे पहले कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण?
अरुणाचल प्रदेश के शहर ईटानगर में चंद्र ग्रहण सबसे पहले दिखाई देगा. इसके अवाला पूर्वोत्तर भारत के कई बड़े शहरों में भी चंद्र ग्रहण जल्दी दृश्यमान हो जाएगा. ईटानगर के अलावा मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, असम, मणिपुर और मेघालय में भी चंद्र ग्रहण दिखाई देगा.
04.46 PM: ग्रहण की समाप्ति के बाद क्या करें
ग्रहण समाप्ति के बाद कुछ विशेष बातों का ध्यान रखें. जैसे सबसे पहले नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें. फिर पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव करें. उसके बाद मंदिर की साफ-सफाई करके भगवान की मूर्तियों को स्नान कराएं. फिर विधि-विधान से पूजा करें.
04.33 PM: कितने दिन रहता है चंद्र ग्रहण का प्रभाव?
ज्योतिषाचार्य राजकुमार शास्त्री ने बताया कि चंद्र ग्रहण का प्रभाव तीन दिन पहले शुरू हो जाता है और तीन दिन बाद तक बना रहता है. यही कारण है कि ग्रहण के तीन दिन बाद तक शुभ-मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं.
04.20 PM: कितने बजे खत्म होगा सूतक काल?
चंद्र ग्रहण शुरू होने से 9 घंटे पहले सूतक काल आरंभ हो जाता है. इस चंद्र ग्रहण का सूतक काल आज सवेरे 6 बजकर 20 मिनट पर शुरू हुआ था. अब यह सूतक ग्रहण के साथ ही खत्म होगा. यानी शाम 6 बजकर 46 मिनट पर सूतक हट जाएगी.
04.00 PM: आर्थिक स्थिति पर चंद्र ग्रहण का प्रभाव
आचार्य शैलेश तिवारी के मुताबिक, चंद्र ग्रहण के समय मंगल और राहु का अंगारक योग किसी बड़े युद्ध की तरफ इशारा कर रहा है. ब्रह्मांड का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति भी अतिचारी है. ऐसे में शेयर मार्केट में बड़ा क्रैश संभव है. सोने-चांदी और तांबे की कीमत में उछाल संभव है. क्रिप्टो करेंसी में भी गिरावट आ सकती है.
03.53 PM: कितने बजे दिखेगा ब्लड मून?
जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी के छाया में आ जाता है, तब पूर्ण चंद्र ग्रहण लगता है. इस दौरान पृथ्वी से चंद्रमा लाल रंग का दिखाई पड़ता है. वैज्ञानिकों की भाषा में इसे ही ब्लड मून कहा जाता है. आज भी दुनिया के कई हिस्सों में ब्लड मून का नजारा आसमान में दिखाई देगा. शाम 4 बजकर 34 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 33 मिनट तक चंद्रमा का पूरा या अधिकांश हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा. इस वक्त ही लोगों को ब्लड मून का दृश्य दिखाई देगा.
तुलसी दल क्यों है उपयोगी?
03.49 PM: चंद्र ग्रहण का सूतक काल शुरू होने से पहले खाने-पीने की चीजों में तुलसी का पत्ता डालकर रख दिया जाता है. इस बारे में ज्योतिषविद नंदिता पांडेय ने बताया कि तुलसी के पौधे में बहुत स्ट्रॉन्ग प्रॉपर्टीज होती हैं. भगवान विष्णु की विशेष कृपा भी तुलसी पर रहती है. इसलिए खाने-पीने की चीजों में तुलसी दल डालने से ग्रहण का नकारात्मक प्रभाव उस पर नहीं होता है. अगर तुलसी नहीं है तो आप कुशा घास या फूल वाली लॉन्ग बी खाने में डालकर रख सकते हैं.
03.40 PM: चंद्र ग्रहण के दौरान क्या करें?
ज्योतिषाचार्य राजकुमार शास्त्री का कहना है कि 3 मार्च का चंद्र ग्रहण भारत में भी दिख रहा है. इसलिए सभी को अपना ख्याल रखने की जरूरत है. हालांकि सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में पैदा हुए लोगों को विशेषतौर पर ख्याल रखना होगा. ग्रहण काल में खिड़की दरवाजों को बंद रखें. घर से बाहर न जाएं. सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं तो इन्हें सूर्य देव की उपासना करनी चाहिए. आदित्य हृदय स्रोत का पाठ करना चाहिए.
