नई दिल्ली:–;देश के कई रेलवे स्टेशन अपनी खूबियों और अभूतपूर्व बदलाव के लिए काफी फेमस हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही खास रेलवे स्टेशन के बारे में बताने वाले हैं।
भारतीय रेलवे का व्यापक और अतिविशाल नेटवर्क सिर्फ सफर नहीं, बल्कि कई रहस्य भी समेटे हुए है। देश में कई ऐसे स्टेशन हैं जो अपनी अनूठी विशेषताओं के लिए मशहूर हैं। जब भी भारत के अनोखे रेलवे स्टेशनों की बात होता है तो कई नाम स्वत: चर्चा में आ जाते हैं। बंगाल का घुम रेलवे स्टेशन (भारत का सबसे ऊंचा स्टेशन), महाराष्ट्र-गुजरात का नवापुर रेलवे स्टेशन (दो राज्यों में बंटा हुआ), पंजाब का अटारी वाघा स्टेशन (जहां ट्रेन में चढ़ने के लिए पासपोर्ट और वीजा जरूरी है), राजस्थान-मध्य प्रदेश का भवानी मंडी स्टेशन (दो राज्यों की सीमा पर स्थित) समेत कई ऐसे स्टेशन आपको मिल जाएंगे जिनकी विशेषताएं अक्सर लोगों को चौंका देती हैं। ये स्टेशन साबित करते हैं कि भारतीय रेलवे सिर्फ यात्रा का साधन नहीं, बल्कि भूगोल, इतिहास और रोचक तथ्यों का अनोखा खजाना है। मगर, आपको हम एक ऐसे रेलवे स्टेशन के बारे में बताएंगे जहां से आप देश का कोना-कोना घूम सकते हैं यानी आपको यहां से हर जगह के लिए ट्रेन मिल जाएगी
किस रेलवे स्टेशन से देश का कोना-कोना घूम सकते हैं
उत्तर प्रदेश स्थित मथुरा जंक्शन वो अनोखा स्टेशन है, जहां पहुंचते ही आप देश के किसी भी कोने के लिए ट्रेन पकड़ सकते हैं। दिल्ली से मात्र 140 किलोमीटर दूर स्थित यह जंक्शन उत्तर मध्य रेलवे जोन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां से उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम-चारों दिशाओं में ट्रेनें उपलब्ध रहती हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी, गुजरात से असम या पूर्वोत्तर तक, लगभग हर प्रमुख शहर और छोटे स्टेशनों के लिए यहां से ट्रेन मिल जाती है। ज्यादातर स्टेशनों पर दिशा-विशेष ट्रेनें होती हैं, लेकिन मथुरा में एक ही प्लेटफॉर्म से पूरे भारत की यात्रा संभव है।
क्यों खास है मथुरा रेलवे स्टेशन
गौरतलब है कि, मथुरा जंक्शन पर प्रति दिन यहां सैकड़ों ट्रेनें रुकती और चलती हैं। यात्री बिना दूसरे स्टेशन जाने आसानी से कनेक्टिंग ट्रेन पा लेते हैं। भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में स्थित यह स्टेशन न सिर्फ धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि रेलवे हब के रूप में भी देशव्यापी कनेक्टिविटी का प्रतीक है। भारतीय रेलवे के इस अनोखे जंक्शन ने यात्रियों को बड़ी सुविधा दी है। अगर आप पूरे देश को एक जगह से एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो मथुरा जंक्शन आपकी पहली पसंद हो सकती है।
विदेशी टूरिस्ट्स को भारतीय ट्रेनें और स्टेशन क्यों पसंद हैं
यूरोप, जर्मनी, अमेरिका और कनाडा जैसे देशों के यात्री अक्सर अपने व्लॉग में भारतीय ट्रेन और स्टेशनों की तारीफ करते दिखते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि ट्रेनों के किफायती दाम हैं और इनमें आरामदायक स्पेस है। कई विदेशी व्लॉगर्स ने बताया कि AC कोच में बर्थ पर पर्दे, साफ बिस्तर, चाय-स्नैक्स और प्राइवेसी मिलती है, जो उनके देशों की महंगी ट्रेनों से बेहतर है। भारतीय ट्रेनें देश के कोने-कोने को जोड़ती हैं और खिड़की से गुजरते खेत, गांव, पहाड़ और नदियां भारत की खूबसूरती दिखाती हैं। स्टेशनों पर चाय वाले, समोसा-पकौड़े बेचने वाले वेंडर्स, भीड़-भाड़ और स्थानीय लोगों से बातचीत उन्हें रोमांचक लगती है। कई पर्यटक कहते हैं कि ट्रेन में अजनबी लोग दोस्त बन जाते हैं, खाना शेयर करते हैं और कहानियां सुनाते हैं, यह “यूनिटी इन डाइवर्सिटी” का जीवंत नजारा है।
