मध्य प्रदेश:– अप्रैल की शुरुआत के साथ ही पूरे मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले चार दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की तेज बढ़ोतरी होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे सभी प्रमुख संभागों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. मौसम विभाग (IMD) ने भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है. पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने के बाद, अब तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है.
हालांकि मौजूदा तापमान सामान्य से थोड़ा कम है, लेकिन अगले चार दिनों में स्थिति तेजी से बदलने वाली है. पिछले 24 घंटों में नर्मदापुरम सबसे गर्म स्थान रहा, जहां 39.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री दर्ज किया गया.
इसके अलावा पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम इन सभी संभागों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा. पचमढ़ी में दिन का तापमान सबसे कम (29.2°C) दर्ज किया गया. शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ तापमान 13.3°C दर्ज किया गया.
फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज़्यादा समय तक नहीं रहेगी. आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से उछाल आएगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
मौसम विभाग के अनुसार सभी संभागों इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. किसी भी स्थान के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि कुछ जिलों में 14 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति वाली लू चल सकती है.
राजधानी भोपाल की बात करें तो आसमान साफ़ रहेगा और हवाएं 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलेंगी. भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की उम्मीद है.
