छत्तीसगढ़:– भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप 2025 में शानदार जीत में छत्तीसगढ़ की कवर्धा निवासी आकांक्षा सत्यवंशी का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बतौर फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट भारतीय टीम के साथ रहकर खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को उच्च स्तर पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने रविवार को मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार विश्व कप खिताब जीता। इस ऐतिहासिक जीत के साथ देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं आकांक्षा की उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
अंडर-19 टीम से शुरू हुआ आकांक्षा का सफर
आकांक्षा सत्यवंशी पहले छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और अंडर-19 भारतीय महिला टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। क्रिकेट में खेलने से लेकर अब फिजियो और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में सेवा देना, उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है। वे लंबे समय से भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी स्ट्रैटजी पर काम कर रही हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने की प्रशंसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि —“छत्तीसगढ़ की यह बेटी पूरे देश का गौरव बढ़ा रही है। आकांक्षा की मेहनत और उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।”
