दर्शकों का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार (Akshay Kumar) अपनी मशहूर कल्ट कॉमेडी शैली में वापस लौट आए हैं। निर्माता-निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की सुपरहिट जोड़ी ने अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज (Bhooth Bangla Trailer Release) कर दिया है। यह फिल्म न केवल हंसी और खौफ का मिश्रण है, बल्कि दर्शकों को उस दौर की याद दिलाती है जिसके लिए अक्षय कुमार जाने जाते हैं।
हवेली का रहस्य और वधूसुर का खौफ
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी हवेली से होती है, जिसे लोग ‘भूत बंगला’ के नाम से जानते हैं। कहानी के अनुसार, इस बंगले में कोई भी शादी नहीं कर सकता; यदि कोई ऐसा करने का साहस करता है, तो ‘वधूसुर’ नाम का भूत जाग उठता है। ट्रेलर में अक्षय कुमार की एंट्री के साथ ही हंसी का सिलसिला शुरू होता है, जहां उनकी मुलाकात असरानी और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकारों से होती है।
