वॉशिंगटन/दुनिया का सबसे पावरफुल लॉन्च व्हीकल स्टारशिप अपने पहले ऑर्बिटल टेस्ट के लिए तैयार है। इसे आज यानी गुरुवार शाम करीब 7 बजे टेक्सास के बोका चिका से लॉन्च किया जाएगा। ये स्टारशिप के ऑर्बिटल लॉन्च का दूसरा अटैंप्ट है। सोमवार को पहले अटैंप्ट में प्रेशर वाल्व के फ्रीज होने के कारण लॉन्च को 39 सेकेंड पहले रोक दिया गया था।स्टेनलेस स्टील से बने स्टारशिप को दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने बनाया है। यूट्यूब चैनल पर इस लॉन्च को लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
स्ट्रीमिंग लॉन्च के 45 मिनट पहले यानी शाम 06.15 बजे शुरू होगी। लॉन्च के टाइम में बदलाव भी हो सकता हैं क्योंकि स्पेसएक्स के पास 62 मिनट की लॉन्च विंडो है।ये लॉन्चिंग इसलिए अहम है क्योंकि ये स्पेसशिप ही इंसानों को इंटरप्लेनेटरी बनाएगा। यानी इसकी मदद से पहली बार कोई इंसान पृथ्वी के अलावा किसी दूसरे ग्रह पर कदम रखेगा। मस्क साल 2029 तक इंसानों को मंगल ग्रह पर पहुंचाकर वहां कॉलोनी बसाना चाहते हैं। स्पेसशिप इंसानों को दुनिया के किसी भी कोने में एक घंटे से कम समय में पहुंचाने में भी सक्षम होगा।