नोएडा: हर साल की तरह इस साल भी गंग नहर की सफाई के लिए गुरुवार से पानी की सप्लाई बाधित रहेगी, जिसके चलते आज से गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में अगले 20 दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी। इतना ही नहीं इलाके के लोगों को दिवाली में भी प्यासा रहना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि 26 अक्टूबर के बाद गंग नहर में पानी छोड़ा जाएगा। हालांकि प्रशासन ने लोगों को पानी की समस्या न हो इसलिए टैंकर की व्यवस्था की, जिससे जलआपूर्ति की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा, ट्रांस हिंडन, सिद्धार्थ विहार, वसुंधरा, इंदिरापुरम, डेल्टा कॉलोनी और प्रताप विहार समेत कई जगहों पर पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान नगर निगम के नलकूपों से पानी की आपूर्ति की जाएगी।नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी ने बताया कि गंग नहर की सफाई के कारण गंगा जल की आपूर्ति बंद की गई है और 26 अक्टूबर के बाद गंग नहर में पानी छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जहां पानी की समस्या होगी, वहां टैंकर से भी पानी भिजवाया जाएगा।
नोएडा के अलावा पड़ोसी गाजियाबाद जिले में भी गंग नहर से होने वाली जलापूर्ति को बंद कर दिया गया है।बता दें कि गंग नहर की सफाई के लिए प्रत्येक वर्ष अक्टूबर में करीब 20 दिन के लिए गंग नहर में पानी की आपूर्ति रोकी जाती है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहरवासियों के लिए जलापूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि गंग नहर से आपूर्ति बाधित होने के बाद दो-तीन दिन तक स्टोर किए गए पानी से काम चलाया जाएगा। इसके बाद भूमिगत जलाशय के पानी की आपूर्ति की जाएगी।