नई दिल्ली:– रोजाना कच्चा तेल निकालने वाले देशों की सूची में भारत 20वें स्थान पर है. भारत में हर दिन 952,481 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता है और देश का कुल ऑयल रिजर्व 4,980,857,000 बैरल का है.
इन दिनों हर तरफ आपको सिर्फ क्रूड ऑयल और गैस की चर्चा ही सुनने को मिल रही है. ईरान-इजरायल-अमेरिका की जंग की वजह से वैश्विक स्तर पर क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार बढ़ीं. हालांकि, सीजफायर के बाद इसमें तकरीबन 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. फिलहाल एक बैरल क्रूड ऑयल की कीमत 94.27 डॉलर है, जो एक दिन पहले 109 डॉलर था.
भारत में भी इस दौरान प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रीयल डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया. साथ ही सरकार ने पेट्रोलियम कंपनियों को होने वाले नुकसान की भरपाई एक्साइज ड्यूटी में कटौती करके की. अगर यह कटौती नहीं की जाती तो नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा होना तय था.
मालूम हो कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 85% से 90% कच्चा तेल (Crude Oil) विदेशों से आयात करता है.भारत सबसे ज्यादा कच्चा तेल रूस, इराक, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से खरीदता है. लेकिन, क्या आपको पता है कि देश में भी प्रचुर मात्रा में कच्चे तेल का उत्पादन होता है.
वर्ल्डोमीटर के साल 2025 के आंकड़ों के मुताबिक भारत में रोजाना 952,481 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता है और देश का कुल ऑयल रिजर्व 4,980,857,000 बैरल का है. अगर आप वैश्विक स्तर पर लिस्ट में भारत की रैंकिंग देखेंगे तो आपका सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा.
साल 2025 की वर्ल्डोमीटर की रोजाना सबसे ज्यादा ऑयल निकालने वाले देशों की लिस्ट में भारत 20वें स्थान परU है. लिस्ट में कुल 120 देश शामिल हैं, जहां कच्चे तेल का उत्पादन होता है.
वर्ल्डोमीटर की लिस्ट के मुताबिक, रोजना सबसे ज्यादा कच्चे तेल का उत्पादन अमेरिका में होता है जो 22,844,371 बैरल है. इसके बाद सऊदी अरब (10,872,023 बैरल) और रूस (10,533,244 बैरल) का नंबर आता है
लिस्ट में सबसे नीचे यानी 120वें नंबर पर अल सल्वाडोर है, जहां हर दिन 3 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता है. वहीं, 119वें नंबर पर होंडुरास है जहां हर दिन 20 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता है.
मालूम हो कि ईरान-इजरायल की 28 फरवरी को जब जंग की शुरुआत हुई थी तो वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत 73 डॉलर प्रति बैरल थी, जो बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई थी. फिलहाल यह 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है.
