नई दिल्ली:– टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण में आज टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा. आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है, इस मैच में अर्शदीप सिंह को बाहर बैठना पड़ सकता है.
आज भारत और पाकिस्तान में से कोई एक जीत की हैट्रिक लगाएगा तो दूसरे को पहली हार झेलनी पड़ेगी. मौसम के मिजाज को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि शुरूआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलेगी, जो बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश करेगा. ऐसे में आज कुलदीप यादव या वाशिंगटन सुंदर में से किसी एक को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है.
आज जसप्रीत बुमराह के रूप में सिर्फ एक तेज गेंदबाज को प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है, जबकि हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे भी एक विकल्प रहेंगे.
कुलदीप या वाशिंगटन, किसे मिलेगा मौका?
वाशिंगटन सुंदर फिट होकर टीम के साथ जुड़ चुके हैं, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के साथ कुलदीप यादव को तीसरे स्पिनर के रूप में आज प्लेइंग 11 में जगह मिल सकती है. कुलदीप अपनी गुगली से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं.
अभिषेक शर्मा आज खेलेंगे या नहीं?
सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, अगर आप चाहते हो कि अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में खेले, तो वो जरूर खेलेंगे. दरअसल इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा था, “हम चाहते हैं वो खेले, क्योंकि हम इंडिया की बेस्ट टीम से भिड़ना चाहते हैं. सूर्या ने साफ किया कि अभिषेक खेलेंगे.
भारत की संभावित प्लेइंग 11
ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.
