नई दिल्ली:– सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी का सिलसिला जारी है। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं ने जोरदार उछाल दर्ज किया।
ADVERTISING
वैश्विक बाजार के सकारात्मक संकेत और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी है, जिसका असर घरेलू बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। निवेशकों की सक्रियता के चलते चांदी में बड़ी छलांग देखने को मिली, जबकि सोना भी मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया।
एमसीएक्स पर चांदी में जबरदस्त उछाल
एमसीएक्स पर 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,41,393 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। आज यह 2,43,874 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 3,409 रुपये की तेजी के साथ 2,44,802 रुपये तक पहुंच गई। सुबह 10.15 बजे यह 2,166 रुपये की मजबूती के साथ 2,43,559 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी।
सोने की कीमत भी चढ़ी
2 अप्रैल डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,54,819 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। शुक्रवार को यह 1,55,105 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में 646 रुपये उछलकर 1,55,465 रुपये तक पहुंच गया। सुबह 10.15 बजे यह 556 रुपये यानी 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,55,375 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड स्तर
दिल्ली सर्राफा बाजार में भी तेजी का माहौल रहा। चांदी 18,000 रुपये उछलकर 2,64,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,950 रुपये बढ़कर 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से कीमतों में तेजी बनी रह सकती है।
