नई दिल्ली:– भगवान राम के परम भक्त हनुमान जी की महिमा अनोखी मानी जाती है. उनकी ताकत और पराक्रम की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है. ऐसा विश्वास है कि जब भी जीवन में परेशानी या संकट आता है, हनुमान जी का स्मरण करने से राह आसान होने लगती है. खासकर हनुमान जयंती के दिन उनकी पूजा और भक्ति करना बेहद शुभ माना जाता है, जिससे मन को शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है
आज (2अप्रैल) को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व मनाया जा रहा है. मान्यता है कि भगवान हनुमान का जन्म चैत्र पूर्णिमा के दिन हुआ था. उन्हें भगवान शिव का रुद्रावतार माना जाता है और वे भगवान श्रीराम के परम भक्त थे. उनके पिता का
नाम केसरी और माता का नाम अंजनी था, इसलिए उन्हें अंजनी पुत्र भी कहा जाता है. हनुमान जी को बल, बुद्धि, विद्या, साहस और भक्ति का प्रतीक माना जाता है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव के दिन उनकी पूजा और आराधना करने से जीवन के भय, नकारात्मकता और बाधाएं दूर होती हैं. खासतौर पर शनि से जुड़े कष्ट भी कम होने की बात कही जाती है. इस दिन हनुमान चालीसा का पाठ करना और ‘ऊं हनुमते नमः’ मंत्र का जप करना बेहद शुभ माना जाता है. कोशिश करें कि कम से कम एक बार हनुमान चालीसा जरूर पढ़ें, और यदि संभव हो तो 7 या 11 बार पाठ करना और भी फलदायी होता है.
