नई दिल्ली:– उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ देश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और कोहरे का नया सिलसिला शुरू करने वाले हैं। पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फ गिरने की संभावना है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। आने वाले कुछ दिनों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस रिपोर्ट में जानिए आपके क्षेत्र में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में आज बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार आज (शनिवार) आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर या शाम तक मौसम में बदलाव नजर आ सकता है। रात के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के मुताबिक आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से कहां-कहां बदलेगा मौसम?
लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्रों में 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम, छिटपुट बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 5 से 7 फरवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
तापमान में दिखेगा उतार-चढ़ाव
उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में 1 फरवरी 2026 तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों तक इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। फिर इसके अगले तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।
मध्य भारत से महाराष्ट्र तक मौसम का हाल
मध्य भारत और महाराष्ट्र में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। गुजरात में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़त हो सकती है। इसके बाद तीन दिनों में इसमें 3 से 5 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं, जबकि उसके अगले तीन दिनों में फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
