नई दिल्ली:– अब सिर्फ डेबिट कार्ड और बैंक अकाउंट से ही नहीं, बल्कि क्रेडिट कार्ड से भी यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (Unified Payments Interface – UPI पेमेंट कर सकते हैं। साल 2022 में RBI ने RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI से जोड़ने की इजाजत दी थी। अब Visa और Mastercard भी धीरे-धीरे इस सिस्टम में जुड़ रहे हैं। UPI के जरिए लेनदेन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यूपीआई की बढ़ती पॉपुलैरिटी को देखते हुए अब क्रेडिट कार्ड यूजर्स भी परचेजिंग के लिए डिजिटल पेमेंट का ऑप्शन चुन रहे हैं। यूपीआई पेमेंट के दौरान क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बेहद आसान है।
आप RuPay क्रेडिट कार्ड को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) से लिंक कर सकते हैं। जिससे रोजमर्रा के ट्रांजैक्शन पर रिवॉर् भी हासिल कर सकते हैं। कई बड़े बैंकों ने अपने क्रेडिट कार्ड के RuPay वेरिएंट पेश किए हैं। जिनमें उनके वीजा या मास्टरकार्ड कार्ड के वर्जन शामिल हैं। जिनका इस्तेमाल UPI पेमेंट के लिए किया जा सकता है। कुछ ने तो 1.5-5% कैशबैक देने वाले एक्सक्लूसिव UPI क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च कर दिए हैं।
क्रेडिट कार्ड का UPI से करें पेमेंट
क्रेडिट कार्ड से UPI पेमेंट करने के लिए पहले QR कोड स्कैन करें या ‘pay phone number’ या ‘pay contacts’के ऑप्शन को सिलेक्ट करें। अपना UPI ID डालें या ऐप पर रिलेटेड पेमेंट ऑप्शन पर जाएं। आप चाहें तो ‘सेल्फ-ट्रांसफर’ का भी ऑप्शन चुन सकते हैं, जिसके जरिए आप एक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। ऐप के क्यूआर कोड, फोन नंबर को वेरिफाई कर लेने के बाद ट्रांसफर किया जाने वाला अमाउंट डालें और पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड ऑप्शन को सिलेक्ट करें। अब बस पिन डालने के बाद ही आपका पेमेंट सक्सेसफुल हो जाएगा। UPI क्रेडिट कार्ड विशेष रूप से टियर-II और छोटे शहरों के यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद है। यहां कई कारोबारियों के पास POS मशीनें नहीं होती हैं, लेकिन UPI के जरिए आसानी से पेमेंट कर सकते हैं।
रिवॉर्ड्स और कैशबैक का फायदा
क्रेडिट कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें डेबिट कार्ड के मुकाबले ज्यादा रिवॉर्ड्स मिलते हैं। अगर आपने RuPay क्रेडिट कार्ड को UPI से लिंक किया है तो आपको हर यूपीआई ट्रांजैक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स या फिर कैशबैक भी मिल सकता है। अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड को यूपीआई से लिंक करते हैं, तो यह आपके लिए एक बैकअप पेमेंट ऑप्शन के रूप में भी काम करता है। इसका फायदा आपको तब होता है जब आपको कोई बड़ी खरीदारी करनी है या फिर आप किसी इमरजेंसी की स्थिति में कुछ सामान खरीदना पड़ जाए।
वर्चुअल क्रेडिट कार्ड लॉन्च
डिजिटल पेमेंट को देखते हुए कई बैंकों ने वर्चुअल क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च कर दिए हैं। UPI के जरिए रिवॉर्ड पॉइंट देने के लिए खास तौर से क्रेडिट कार्ड डिजाइन किए गए हैं। जैसे एक्सिस बैंक सुपरमनी रुपे क्रेडिट कार्ड से UPI पेमेंट पर 3% कैशबैक मिलता है। हर महीने मैक्सिमम ₹500 कैशबैक कमा सकते हैं। यह कार्ड एक्सिस बैंक और फ्लिपकार्ट ग्रुप की फिनटेक कंपनी सुपर मनी का को-ब्रांडेड कार्ड है। ऐसे ही HDFC Tata Neu RuPay Card, Yes Bank Klick Card (Kiwi App के साथ) और Jupiter Edge CSB Card के जरिए पेमेंट कर सकते हैं।
इन बातों का भी रखें ध्यान
बता दें कि क्रेडिट कार्ड से UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगता है, जबकि सामान्य UPI ट्रांजैक्शन पर यह शुल्क नहीं लगता है। 2,000 रुपये से ऊपर की पेमेंट पर MDR लगता है। जिससे मेडिकल और किराना जैसे स्टोर इस सुविधा को बंद कर देते हैं। हालांकि, अधिकतर छोटे मर्चेंट्स को मिलने वाले UPI पेमेंट 2,000 रुपये से कम ही होते हैं, जहां यह सुविधा आसानी से काम करती हैं।
