नई दिल्ली:– केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को दिल्ली के पूसा में आयोजित राष्ट्रीय कृषि छात्र सम्मेलन में कृषि शिक्षा और रोजगार से जुड़ी अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में खाली पड़े पदों को जल्द भरा जाएगा, ताकि छात्रों की पढ़ाई और अनुसंधान कार्य प्रभावित न हों।
कृषि शिक्षा संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पदों पर चिंता व्यक्त
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई कृषि शिक्षा संस्थानों में वर्षों से शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पद खाली हैं, जिससे छात्रों के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इस स्थिति को बदलने का समय आ गया है।
ICAR को दिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू की जाए। चौहान ने कहा कि कृषि शिक्षा को मजबूत बनाना और युवाओं को रिसर्च व रोजगार के बेहतर अवसर देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
