नई दिल्ली:– अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी प्रमुख विजय खुद पेरम्बूर और त्रिची पूर्व इन दो सीटों से चुनाव मैदान में उतरेंगे। दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों ही सीटों पर फिलहाल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम का कब्जा है। पेरम्बूर से आर.डी. शेखर और त्रिची पूर्व से इनिगो एस. इरुदयाराज मौजूदा विधायक हैं।
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है। चुनाव से पहले विजय ने आज अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर सियासी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। इस लिस्ट में विजय के ड्राइवर से पीए बने राजेंद्रन के बेटे सबरीनाथन का नाम भी शामिल है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो को भी काफी वायरल हो रहा है जिसमें विजय सबरीनाथन को गले लगा रहे हैं और सबरीनाथन भावुक नजर आ रहे हैं।
सबरीनाथन को विरुगंबक्कम से दिया टिकट
थलापति विजय ने अपनी पार्टी टीवीके के की तरफ से राजेंद्रन के बेटे सबरीनाथन को विरुगंबक्कम से चुनावी मैदान में उतारा है। सबरीनाथन विरुगमबक्कम विजय मक्कल इयक्कम (वीएमआई) के सदस्य हैं और फैन क्लब के शुरुआती दौर से ही समाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। बाद में उन्होंने इसी क्षेत्र में टीवीके जिला सचिव के रूप में कार्यभार भी संभाला।
सबरीनाथन के पिता 30 साल से विजय के साथ
सबरीनाथन, राजेंद्रन के बेटे हैं जो अभिनेता से नेता बने विजय के साथ पिछले 30 सालों से जुड़े हुए हैं। सबरिनाथन को पहले विरुगंबक्कम विधानसभा क्षेत्र का TVK जिला सचिव बनाया गया था। जहां उन्होंने लगातार संगठन के लिए काम किया। उनकी निष्ठा और क्षेत्र में किए गए कार्यों को देखते हुए पार्टी ने उन्हें विरुगंबक्कम सीट से विधायक उम्मीदवार बनाया है, जिसे परिवार की वफादारी और समर्पण का सम्मान माना जा रहा है।
तमिलनाडु में कब हैं चुनाव?
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को एक ही चरण में मतदान होगा। विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) ने राज्यभर में अपने उम्मीदवार उतारकर चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। पेरम्बूर सीट से विजय के चुनाव लड़ने की चर्चा पहले से ही तेज थी, लेकिन त्रिची ईस्ट से भी मैदान में उतरने के उनके फैसले ने राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया है और इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
