पश्चिम बंगाल :– विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में आज शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छटना विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अपने संबोधन में उन्होंने पूछा कि शिक्षक भर्ती घोटाला किसने किया? SSC घोटाला किसने किया? नगर निगम भर्ती घोटाला किसने किया? गाय तस्करी का धंधा किसने किया? मनरेगा घोटाला किसने किया? PM आवास घोटाला किसने किया? ममता दीदी आपके नेता ये न मान लें कि बंगाल के लोगों का पैसा खा गए और अब कुछ नहीं होगा। एक जांच आयोग बनाकर इन भ्रष्टाचारियों से बंगाल की जनता की पाई-पाई वसूलने का काम भाजपा करेगी।
आरजी कर की घटना बंगाल को शर्मसार किया’
आरजी कर मेडिकल कॉलेज बलात्कार और हत्या मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आरजी कर की घटना ने पूरी दुनिया में बंगाल को शर्मसार किया, सालों तक संदेशखाली में TMC के गुंडे महिलाओं का शोषण करते रहे। ये घुसपैठिए महिलाओं का शोषण करते रहे लेकिन ममता बनर्जी आंख मूंदकर बैठी रहीं। मैं आज कह कर जाता हूं जिन्होंने भी महिलाओं का अपमान करने का काम किया है उन्हें जेल में डालने का काम भाजपा सरकार करेगी।
रोजगार और महिला सुरक्षा पर फोकस
इससे पहले राजधानी कोलकाता में पश्चिम बंगाल को लेकर अमित शाह ने शुक्रवार को बीजेपी का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। बीजेपी के इस घोषणा पत्र में राज्य के युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पार्टी ने वादा किया है कि अगर वह सत्ता में आती है तो महिलाओं के लिए विशेष आर्थिक मदद और युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए भी विशेष पैकेज की घोषणा की जा सकती है जिससे राज्य की बुनियादी सुविधाओं में सुधार हो सके।
