नई दिल्ली:– आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तहत रविवार को क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिल सकती है, जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यह हाईवोल्टेज मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा मौसम को लेकर हो रही है।
कोलंबो के मौसम पर ताजा अपडेट:
श्रीलंकाई मौसम विभाग के अनुसार कोलंबो में दिन के समय भारी बारिश की संभावना कम है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और रात में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान: 34°C, न्यूनतम तापमान: 24°C, नमी का स्तर: 50% से 85% और ज्यादा आर्द्रता गेंदबाजों की ग्रिप और फील्डरों की फिटनेस पर असर डाल सकती है, जिससे मैच की गति प्रभावित होने की आशंका रहती है।
मैच टाइमिंग और टॉस:
भारत-पाक मुकाबला स्थानीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। फैंस पूरे 40 ओवर के रोमांचक मैच की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
मैच धुला तो क्या होगा:
ग्रुप स्टेज के इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है। नतीजा निकालने के लिए कम से कम 5-5 ओवर का खेल जरूरी है। वहीं अगर इस बीच इससे कम खेल होने पर मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे, ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान दोनों सीधे सुपर-8 में पहुंच जाएंगे।
ग्रुप-A का समीकरण:
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम चार अंकों और बेहतर नेट रन रेट के साथ ग्रुप-A में शीर्ष पर है। पाकिस्तान भी दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका, नामीबिया से जीत दर्ज की हैं, और पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स, संयुक्त राज्य अमेरिका को हराया है।
फैंस की नजर आसमान पर:
भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि भावनाओं और रोमांच का चरम होता है। ऐसे में मौसम का हस्तक्षेप करोड़ों प्रशंसकों को निराश कर सकता है। अब सबकी निगाहें कोलंबो के आसमान पर टिकी हैं, क्या पूरा मैच होगा या बारिश कहानी बदल देगी, इसका फैसला रविवार शाम को होगा।
