रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता युद्धवीर सिंह जूदेव का निधन हो गया है। विगत एक महीनें से लीवर संक्रमण की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बैंगलुरू के एस्टर हास्पिटलमें उन्होंने आखिरी सांस ली। मिली जानकारी के मुताबिक वे दिल्ली के इंस्टिट्यूट आफ लीवर एंड बिलिअरी साइंसेस में 15 दिनों से भर्ती थे। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने के बाद उन्हें बेंगलुरू में ले जाया गया।
स्वास्थ्य खराब होने पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय समेत कई आला नेता दिल्ली भी उनसे हालचाल पूछने गए थे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी डाक्टरों से चर्चा कर बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए थे। स्व.दिलीप सिंह जूदेव के बेटे युद्धवीर सिंह जूदेव चंद्रपुर से लगातार दो बार विधायक रहे हैं, हालिया चुनाव में उनकी जगह उनकी पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव को टिकट दी गई थी लेकिन भाजपा यह सीट हार गई थी। उनके निधन से शोक की लहर है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को जशपुर में किया जाएगा। समर्थकों में छोटू बाबा के नाम से लोक प्रिय युद्धवीर सिंह जूदेव ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष के रूप में की थी। जांजगीर जिले के चंद्रपुर विधान सभा सीट से विधायक और डा रमन सिंह मंत्री मंडल में संसदीय सचिव और छग बेवरेजेज कारपोरेशन के अध्यक्ष पद पर भी रहे। पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने शोक जताया है और इसे पूरे प्रदेश के लिए बेहद दुःखद बताया है।सांसद गोमती साय ने कहा एक युग का अंत हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने कहा हमने युवा नेतृत्व खो दिया।