
कर्नाटक के 545 पुलिस सब-इंस्पेक्टरों (PSI) की भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा में हो रही देरी के कारण छात्रों के एक समूह ने पीएम नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखा है और जल्द ही न्याय दिलाने की बात कही है। वहीं छात्रों ने अपने लिखे पत्र में यह धमकी भी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आतंकवादियों (terrorists) के साथ मिल जाएंगे और देश विरोधी काम करेंगे।
आपको बता दें कि छात्रों ने दो पन्नों के पत्र को अपने खून से लिखा है और इस मामले में जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग रखी है। वहीं इस स्कैम की अभी जांच चल रही है और ऐसे में राज्य सरकार ने इसी महीने यह फैसला किया है कि वह इस भर्ती के लिए फिर से एग्जाम कराएगी। छात्रों द्वारा लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इस पर लोग अपना प्रतिक्रियाएं भी दे रहे है।
बता दें कि कर्नाटक के 545 पुलिस सब-इंस्पेक्टरों (PSI) की भर्ती में हुए स्कैम (Scam) की जांच सीआईडी (CID) कर रही है। इस जांच में यह बात सामने आई है कि, कलबुर्गी के एक निजी स्कूल ने परीक्षा की देखरेख करने गए एक अधिकारी को यह कहा था कि वे छात्रों को परीक्षा में नकल करने दें।
इसके आलावा बीतें सप्ताह पुलिस उपअधीक्षक (DySp) शांता कुमार को भी इस स्कैम में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गौरतलब है कि शांता कुमार पुलिस की भर्ती शाखा के साथ पहले भी काम कर चुके हैं। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि इन्होंने इस स्कैम में अन्य आरोपियों की सहायता की है।
इस स्कैम का खुलासा उस समय हुआ था जब कलबुर्गी जिले में एक छात्र को केवल 21 सवालों के जवाब देने पर उसे 100 प्रतिशत अंक दिए गए थे। मामले में अब तक 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें अफजलपुर विधायक का एक गनमैन भी शामिल है।
शुरुआती जांच में इस घुटाले पर पुलिस ने कहा है कि आरोपी छात्रों से 75-80 लाख रुपए घूस लेकर परीक्षा में पास कराने की बात करते थे। हालांकि राज्य सरकार ने इस भर्ती को रद्द कर फिर से परीक्षा कराने की बात कही है। इस परीक्षा में करीब 54 हजार छात्रों ने भाग लिया था। छात्रों का एक समूह परीक्षा को जल्दी कराने की मांग कर रहा है और इसके लिए उन लोगों ने पीएम मोदी को खून से लिखा पत्र भी लिखा है।