कोरबा। जैव विविधता दिवस पर बालको ने तीन दिनी सृष्टि संरक्षण सम्मेलन आयोजित किए। सभी जीवन के लिए एक साझा भविष्य का निर्माण थीम पर आसपास के प्राकृतिक जल संसाधनों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से तालाब गहरीकरण परियोजना के तहत लगभग 21 तालाबों को शामिल किया गया है। प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग और जैव विविधता संरक्षण के महत्व को बताया गया। बालको सीईओ अभिजीत पति के साथ बड़ी संख्या में बालको के अधिकारियों व कर्मचारियों ने वृक्षारोपण और दोंदरो गांव के तालाब सफाई अभियान में हिस्सा लिया। सम्मेलन के तहत स्कूली बच्चों को जंगल ट्रेल के दौरान प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग और जैव विविधता संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। डीपीएस स्कूल के पास अस्थाई मूवी हॉल का निर्माण किया गया, जिसमें जागरूकता संदेश देने जैव विविधता-थीम वाली फिल्में दिखाई गईं। डाक्यूमेंट्री की मदद से प्राकृतिक दुनिया की सुंदरता का प्रदर्शन किया। विविध व्यंजनों के अलावा बालको सामुदायिक विकास विभाग की ओर से वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए स्थानीय क्षेत्र में उगाई गई सब्जियों, अनाज और फल के स्टॉल लगाने के साथ क्षेत्रीय वन विभाग से सहभागिता कर बालको ने भारतीय पारंपरिक आयुर्वेद की विविधता को प्रदर्शित किए। 5 रुपए बिक्री मूल्य पर औषधीय पौधों को बेचने की अनूठी पहल की गई।