मध्यप्रदेश:- जबलपुर के बरगी बांध में गुरुवार शाम क्रूज डूब गया. अब तक 9 शव बाहर निकाले जा चुके हैं. 9 से 10 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं. क्रूज के अंदर शव होने की आशंका है.
मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया. आंधी और तूफान के बीच मध्यप्रदेश टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज डूब गया. देखते ही देखते क्रूज पानी के अंदर समा गया. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 से 10 लोग लापता हैं. हादसे के बाद करीब 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था. गुरुवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था, वहीं शुक्रवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. लापता लोगों की तलाश की जा रही है. प्रशासन के अनुसार क्रूज में 8 से 10 और शव होने की आशंका है. क्रूज को क्रेन की मदद से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है.
तेज हवा और बारिश से अनियंत्रित हुआ क्रूज
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश टूरिज्म के क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे.यह हादसा डैम किनारे से 300 मीटर अंदर हुआ. गुरुवार शाम तेज हवाओं और बारिश के कारण क्रूज अनियंत्रित हो गया और डूब गया. क्रूज में में सवार कई लोगों को शुरुआती रेस्कूय में बचाया गया. गुरुवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान 4 से 5 शव बाहर निकाले गए. वहीं शुक्रवार सुबह एक और शव निकाला गया. अब तक मृतकों की संख्या 9 हो चुकी है.
तेजी से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन
शुक्रवार सुबह से ही NDRF-SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. रस्सियों से बांधकर क्रूज को किनारे लाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई. अब हाइड्रोलिक मशीन की मदद से क्रूज तक पहुंचने और फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है.
बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
पोकलेन मशीन और भारी उपकरणों से क्रूज को किनारे लाने की कोशिश की जा रही है. इस हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल जारी है. आशंका है कि मौत का आंकड़ा 2 दर्जन से ज्यादा हो सकता है. अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है
