जांजगीर- चांपा –शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित करने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने यहाँ आते ही बैठक लेकर सभी को निर्देशित किया था। आज सोमवार को उनके निर्देश पर सयुंक्त कलेक्टर निशा नेताम मंडावी और एसडीएम जांजगीर नंदिनी कमलेश साहू, पामगढ़ बी एस मरकाम, तहसीलदार डभरा, चाम्पा, शिवरीनारायण, सक्ती ने शासकीय कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण किया तो अनेक अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय पर भी दफ्तर नहीं पहुँचे थे।
कुल 101 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। सभी को नोटिस जारी कर वेतन काटने की कार्यवाही की जा रही है।कलेक्टर सिन्हा ने आखिरकार अपने दिए गए अल्टीमेटम पर अमल करना शुरू कर दिया है। आज वे प्रातः10 बजे ऑफिस पहुँचे। उन्होंने जिला कार्यालय से संयुक्त कलेक्टर और एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के शासकीय कार्यालय में जाकर उपस्थिति की तत्काल जाँच करें और जो भी अनुपस्थित है, उनको कारण बताओं नोटिस जारी कर वेतन काटने की कार्यवाही करें।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम पामगढ़ मरकाम ने जनपद पंचायत कार्यालय में स्थापना, एनआरएलएम शाखा, आवास शाखा, मनरेगा शाखा की उपस्थिति पंजी का 10.25 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। यहाँ अनुपस्थित 20 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने सीईओ पामगढ़ को निर्देशित किया गया।पामगढ़ में विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का 10.40 बजे निरीक्षण के दौरान 05 और आईसीडीएस तथा बीआरसी में 1-1 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह कलेक्टर सिन्हा के निर्देश पर सयुंक्त कलेक्टर ने जिला शिक्षा कार्यालय, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग कार्यालय, आबकारी विभाग, उप संचालक कृषि -अनुविभागीय अधिकारी कृषि विभाग के कार्यालयों का सुबह 10 से 10.20 के बीच आकस्मिक निरीक्षण किया। जिसमें शिक्षा विभाग के 9 कर्मचारी, ट्राइबल विभाग में 4, कृषि विभाग में 08, आबकारी विभाग में 09 कर्मचारी-अधिकारी कार्यालयीन समय पर अनुपस्थित पाए गए।