नई दिल्ली:– राजधानी दिल्ली में 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी. दिल्ली सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए मई से सितंबर तक कई विशेष दिनों को ड्राई डे घोषित किया है. इन तारीखों पर न केवल शराब की दुकानों पर बिक्री बंद रहेगी, बल्कि बार, क्लब और रेस्टोरेंट में भी शराब की बिक्री और सर्विस पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. सरकार ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने लाइसेंस धारकों को निर्देश दिया है कि तय दिनों में अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखें और आदेश का पालन सुनिश्चित करें. साथ ही ड्राई डे से जुड़ी जानकारी नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित करनी होगी, ताकि ग्राहकों को पहले से सूचना मिल सके. विभाग ने कहा है कि हर वर्ष धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के अवसरों को ध्यान में रखते हुए ऐसे फैसले लिए जाते हैं.
सरकार के अनुसार यह आदेश दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम 2010 के नियम 52 के तहत लागू किया गया है. तय तारीखों पर राजधानी में शराब की बिक्री, सप्लाई और सर्विस पूरी तरह बंद रहेगी. घोषित ड्राई डे में प्रमुख रूप से बुद्ध पूर्णिमा 1 मई, ईद-उल-जुहा 27 मई, मुहर्रम 26 जून, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त और जन्माष्टमी 9 सितंबर शामिल हैं. इन सभी दिनों में किसी भी प्रकार की शराब बिक्री की अनुमति नहीं होगी.
आदेश के मुताबिक यह पाबंदी शहर की सभी शराब दुकानों और व्यावसायिक परिसरों पर लागू होगी. हालांकि कुछ बड़े होटलों को विशेष लाइसेंस के तहत सीमित छूट दी जा सकती है. आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी, जिसमें लाइसेंस निलंबन या रद्द करना भी शामिल है. राजधानी में इस फैसले के बाद लोगों को पहले से योजना बनाकर जरूरी व्यवस्था करने की सलाह दी गई है.
